प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 सितम्बर 2025

पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज मंत्रालय महानदी भवन स्थित अपने कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यभार संभाला।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, प्रबोध मिंज, उद्धेश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, भवन एवं अन्य संनिर्माण मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, संस्कृति परिषद अध्यक्ष शशांक शर्मा, पवन साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार संभालने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में तेजी से काम करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की मदद से सड़क कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। नई सड़कों की स्वीकृति के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग सुब्रत साहू, संस्कृति विभाग सचिव रोहित यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के महाप्रबंधक वेदव्रत सिरमौर, माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव पुष्पा साहू सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।





