प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 सितंबर 2025
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के आंदोलन ने बड़ा रूप ले लिया है। प्रदेशभर में बर्खास्तगी की कार्रवाई से नाराज एनएचएम कर्मियों ने गुरुवार को सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया। बलौदाबाजार जिले में 421, कांकेर में 655 और बस्तर जिले में 887 कर्मचारियों ने अपने-अपने जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को सामूहिक इस्तीफा सौंपा।

दरअसल, नोटिस के बावजूद काम पर नहीं लौटने वाले 35 एनएचएम अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाएं शासन ने समाप्त कर दी थीं। इसके बाद से कर्मचारियों में आक्रोश और गहरा गया है। रायपुर जिले के कर्मचारी सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर इस्तीफा सौंपने के बाद वहीं धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
एनएचएम कर्मचारी नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस्तीफे के बाद भी उन्होंने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। इस हड़ताल का असर स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं पर पड़ने लगा है।
बस्तर जिला एनएचएम संघ की अध्यक्ष शकुंतला ने कहा, “शासन ने हमारी समस्याओं को नजरअंदाज किया। कई बार बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन पहल नहीं हुई। जब 10 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया, तब सभी 33 जिलों में सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया गया।”
वहीं, सीएमएचओ प्रभारी बीके ठाकुर ने कहा कि सभी कर्मचारियों के इस्तीफे शासन को भेजे जाएंगे और आगे का निर्णय शासन स्तर पर होगा।





