सतीश शर्मा
रायपुर, 13 जून 2026
छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक खबरों के बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने कहा है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन 16 जून 2026 से ही शुरू होगा और 1 जुलाई से स्कूल खुलने की खबर पूरी तरह फर्जी है।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 जून, मंगलवार से संचालित होंगे। सोशल मीडिया पर प्रसारित वह सूचना, जिसमें भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 30 जून तक बढ़ाने और नया सत्र 1 जुलाई से शुरू करने का दावा किया गया था, असत्य और भ्रामक है।
दरअसल, एक दिन पहले विभाग के नाम से एक कथित आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस तथाकथित आदेश में दावा किया गया था कि बढ़ते तापमान को देखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा दिया गया है। आदेश की सत्यता पर सवाल उठने के बाद विभाग ने तत्काल आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया।

संचालनालय ने स्पष्ट किया कि पूर्व में जारी आदेश में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया गया है और सभी स्कूल निर्धारित तिथि 16 जून से ही खुलेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की है कि वे केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट, प्रेस विज्ञप्ति और अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट खबरों से भ्रमित न हों।
विभाग ने कहा कि फर्जी और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से अनावश्यक भ्रम की स्थिति बनती है, इसलिए किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।



