प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 सितंबर 2025

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व महालेखाकार सलाहकार अमित चिमनानी ने कहा है कि मोदी सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक जीएसटी सुधार से देश में हर परिवार की सालाना बचत 40 से 50 हजार रुपए तक बढ़ सकती है।
भाजपा कार्यालय, एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस ब्रीफ में अमित चिमनानी ने कहा कि नए जीएसटी प्रावधानों से घर बनाना और घर चलाना दोनों सस्ता होगा। उन्होंने बताया कि सीमेंट, टीवी, एसी, रेफ्रिजरेटर और सजावट जैसी वस्तुओं पर टैक्स कटौती से घर बनाने की लागत में 5 से 10 प्रतिशत तक कमी आएगी।
चिमनानी ने कहा, “सीमेंट पर 10 प्रतिशत की कटौती से घर बनाने की लागत में सीधे तौर पर 2 प्रतिशत की बचत होगी। इलेक्ट्रॉनिक सामान 10 प्रतिशत सस्ता होगा, यानी 50 हजार रुपए मूल्य के सामान पर 5 हजार रुपए की बचत होगी। 12 लाख रुपए मूल्य की सीएनजी कार पर 1 लाख 20 हजार रुपए की बचत होगी और बीमा पर भी लगभग 4 हजार रुपए की बचत होगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि अब जीएसटी केवल दो दरों में लागू होगी, जिससे लिटिगेशन कम होगा। हर प्रदेश में ट्रिब्यूनल खुलने से विवादों पर खर्च और समय दोनों की बचत होगी। इसके अलावा, जीएसटी रजिस्ट्रेशन केवल 3 दिनों में मिलेगा और रिफंड 7 दिन में होने से एक्सपोर्ट सेक्टर में तेजी आएगी।
चिमनानी ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए इन सुधारों से देश में लगभग 6 लाख करोड़ रुपए तक खपत बढ़ने की संभावना है, जिससे जीडीपी में वृद्धि और रोजगार के अवसरों में तेजी आएगी। उन्होंने औसत परिवार के खर्च पर आधारित गणना साझा करते हुए कहा कि हर परिवार को सालाना 40 से 45 हजार रुपए की बचत होगी।
प्रेस ब्रीफ के दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक भी उपस्थित थे।





