7 Mar 2026, Sat


PM मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुआ ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान : 2 अक्टूबर तक पूरे देश में लगेंगे 1 लाख स्वास्थ्य शिविर, मुख्यमंत्री साय बोले- मां के स्वास्थ्य से ही मजबूत होगा समाज

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 17 सितम्बर 2025/  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार जिले से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी आज राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम से हजारों महिलाओं के साथ इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़कर इन अभियानों के शुभारंभ के साक्षी बने। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और पोषण कैलेंडर का विमोचन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि विकसित भारत की यात्रा नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान, इन चार स्तंभों पर टिकी है और यह अभियान इस लक्ष्य को नई मजबूती देगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच व दवाई उपलब्ध होगी। उन्होंने माताओं-बहनों से अपील की कि वे इन शिविरों में जरूर जाएं ताकि किसी भी महिला को जानकारी के अभाव में गंभीर बीमारी का सामना न करना पड़े।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति राष्ट्र का मुख्य आधार है और मां के स्वस्थ होने से परिवार के साथ-साथ समाज भी सशक्त होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 4.5 करोड़ से अधिक महिलाओं को 19 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी समाज को सुरक्षित करने के लिए सिकल सेल एनीमिया मिशन की शुरुआत शहडोल से की गई थी। अब तक 5 करोड़ से अधिक स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है और 1 करोड़ कार्ड जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान से आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित हो रही हैं। प्रधानमंत्री ने गरीबों और किसानों को योजनाओं के केंद्र में बताते हुए कहा कि मुफ्त राशन से लेकर आयुष्मान कार्ड तक, सरकार की हर योजना गरीब के जीवन को बदलने के लिए है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं और यह मोदी की गारंटी है।

पढ़ें   बलौदाबाजार में विहिप का बड़ा आयोजन: भारत विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस पर हुई चर्चा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर 61वें स्थापना दिवस की भव्य पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और मटकी फोड़ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम मित्र पार्क और पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि इससे लाखों रोजगार सृजित होंगे और छोटे कारीगरों को नई पहचान मिलेगी। त्योहारों के अवसर पर उन्होंने स्वदेशी अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “जो भी खरीदें, वह स्वदेशी हो, ताकि पैसा देश में रहे और विकास की गति तेज हो।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और नेतृत्व ने भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान को विकसित भारत के चार स्तंभ मानकर जो योजनाएं उनके नेतृत्व में शुरू की गई हैं, वे देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं की टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच व दवाई उपलब्ध कराई जाएगी। यह मातृशक्ति के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान और सिकल सेल एनीमिया मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों महिलाओं और आदिवासी भाई-बहनों का जीवन सुरक्षित हुआ है। इसी तरह पीएम मित्र पार्क और पीएम विश्वकर्मा योजना लाखों युवाओं और कारीगरों को रोजगार व पहचान दिला रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं, जो उनके संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है। साय ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर प्रधानमंत्री का स्वदेशी अपनाने का आह्वान हर भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रारंभ हुई ये योजनाएं विकसित भारत के संकल्प की ठोस नींव हैं।

पढ़ें   एएसपी ने ली माल मोहर्रीर और रिडरों की बैठक : जब्त मादक पदार्थो को नष्टीकरण के संबंध में दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के स्टालों का किया अवलोकन

मेधावी छात्राओं का किया सम्मान, पोषण कैलेंडर का किया विमोचन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के कृषि मंडमप में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पोषण माह कैलेंडर का विमोचन किया। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मेधावी छात्राओं को सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विशेष रूप से आयोजित स्वास्थ्य शिविर और महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टालों का अवलोकन कर जानकारी लीं। विशेष रूप से पोषण संगोष्ठी, हमर स्वस्थ लइका, रेडी-टू-ईट, छत्तीसगढ़ के मिलेट्स, मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, बाल विवाह मुक्त अभियान, मानसिक स्वास्थ्य, टीबी जांच, ईएनटी, सिकल सेल जांच, किशोरी स्वास्थ्य, मातृत्व स्वास्थ्य के लिए केंद्रित स्टालों को देखा और आगंतुकों से शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने पोषण रथ को दिखाई हरी झंडी, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाया चंदन का पौधा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 8वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सभी वाहन प्रदेश के जिलों का भ्रमण कर माताओं-बहनों को पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी जानकारी देगी। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में चंदन के पौधे लगाये।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरन्दर मिश्रा, विधायक सुनील सोनी भी उपस्थित रहे।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.