रायगढ़, 30 अप्रैल 2026
जिले में चल रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत पुलिस की सख्ती का असर अब साफ दिखने लगा है। गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है। इसी कड़ी में भूपदेवपुर क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी की एक और बड़ी कोशिश नाकाम कर दी।

जानकारी के मुताबिक 28-29 अप्रैल की रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कछार क्षेत्र में एक लाल रंग की स्कॉर्पियो में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की।
पुलिस और डायल 112 वाहन को आते देख तस्कर भागने लगे, लेकिन उनकी स्कॉर्पियो खेत की मेड़ में फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गौवंश बिना चारा-पानी के, पैर बांधकर अमानवीय हालत में मिले। पुलिस ने दोनों मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
भूपदेवपुर थाना में वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराओं 4, 6 और 11 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस अब इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। वहीं मुक्त कराए गए गौवंशों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था की गई है।



