बलौदाबाजार, 07 अगस्त 2026
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत समरसता टोली सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक मिकी तिवारी ने ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण ले रही युवती के साथ कथित छेड़छाड़ और पीछा करने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभिषेक तिवारी ने कहा कि यह केवल एक आपराधिक घटना मानकर औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच करे कि आरोपी का वहां लगातार आना-जाना किन परिस्थितियों में होता था, महिलाओं के लिए संचालित ब्यूटीपार्लर में बाहरी लोगों की पहुंच कैसे बनी और क्या इस घटना से जुड़े अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं। यदि जांच में किसी प्रकार का संगठित नेटवर्क, सुनियोजित गतिविधि या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उन सभी के विरुद्ध भी बिना किसी दबाव या भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। किसी भी अपराधी को राजनीतिक, सामाजिक या अन्य किसी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
अभिषेक तिवारी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे मामलों में पुलिस-प्रशासन को त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए कि भविष्य में कोई भी महिला या बेटी के सम्मान पर बुरी नजर डालने का साहस न कर सके।
संगठन ने जिले की महिलाओं, युवतियों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि यदि इस मामले में या इसी प्रकार की किसी अन्य घटना में कोई महिला अथवा युवती पीड़ित रही हो, तो बिना किसी भय के सामने आकर पुलिस को शिकायत दें। कानून के अनुसार पीड़िता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। संगठन ने कहा कि यदि अन्य पीड़िताएं सामने आती हैं, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में और अधिक तथ्य सामने आ सकेंगे तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हर वैधानिक स्तर पर उनके साथ खड़ा रहेगा।
इसके साथ ही जिले की महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। संगठन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के मुद्दे पर वह हर स्तर पर आवाज उठाता रहेगा।





