रायपुर, 07 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस से पहले “हर घर तिरंगा” अभियान को लेकर राजधानी रायपुर के उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल ने बड़ा संदेश दिया है। अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर और वरिष्ठ गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ. विनोद सिंह ने साफ कहा कि “हर घर तिरंगा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर भारतीय की नैतिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।” उन्होंने घोषणा की कि यदि किसी कर्मचारी के पास तिरंगा उपलब्ध नहीं होगा, तो उर्मिला हॉस्पिटल स्वयं उसे तिरंगा उपलब्ध कराएगा।

करीब 450 नर्सिंग और पैरामेडिकल कर्मचारियों की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि जिस तरह अस्पताल चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से लोगों का विश्वास जीत रहा है, उसी तरह हर डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी का दायित्व है कि वह एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दे।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल मरीजों के इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी स्वास्थ्यकर्मियों का कर्तव्य है। इसी सोच के साथ अस्पताल परिवार के सभी सदस्यों से “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की डायरेक्टर नम्रता सिंह ने भी आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश के सम्मान और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी का परिचायक है।
गौरतलब है कि महज 30 बिस्तरों से शुरू हुआ उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल आज 200 बिस्तरों वाले आधुनिक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में स्थापित हो चुका है। अस्पताल को NABH की मान्यता प्राप्त है और यह रेलवे सहित कई सरकारी संस्थानों को अधिकृत स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध करा रहा है। चिकित्सा सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अस्पताल की इस पहल को सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सराहनीय बताया।





