प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 6 सितंबर 2025

भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) छत्तीसगढ़ राज्य परिषद द्वारा शनिवार को राजधानी रायपुर में ‘वैश्विक व्यापार के द्वार: निर्यात प्रोत्साहन एवं ICD विकास’ विषय पर एक महत्वपूर्ण संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य निर्यात प्रोत्साहन, व्यापार सुलभता, नीतिगत सहयोग और बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्यों के प्रभावों पर चर्चा करना रहा।
सत्र में 140 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति विशेषज्ञ, लॉजिस्टिक्स और व्यापार क्षेत्र के प्रमुख भागीदार शामिल थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं RSV Exim Pvt. Ltd. के प्रबंध निदेशक संजय जैन ने स्वागत भाषण के साथ किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की वैश्विक व्यापार में संभावनाओं और जापान जैसे विदेशी बाजारों के साथ व्यापारिक अवसरों पर जोर दिया।
प्रधान सलाहकार, CII डॉ. सौगात मुखर्जी ने नीति अनुरूपता और बाजार सुलभता की आवश्यकता पर विचार साझा किए। उन्होंने CII मार्केट फैसिलिटेशन सर्विसेज (MFS) की जानकारी दी, जिसके जरिए अब तक 20 देशों में 50 से अधिक उत्पादों के लिए सहयोग दिया गया है और इनमें से 75% परियोजनाएं सफल रही हैं।
मुख्य वक्ता, केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं जीएसटी, रायपुर के संयुक्त आयुक्त अमित चौधरी ने निर्यात प्रोत्साहनों एवं राज्य में इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) के विकास पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे से व्यापारियों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में अधिक मजबूती से जोड़ा जा सकता है।
EY के इंडिया ग्लोबल ट्रेड एंड कस्टम्स के पार्टनर विमल पृथ्वी ने अमेरिकी टैरिफ नीतियों और उनके भारतीय निर्यातकों पर प्रभावों की जानकारी दी। वहीं, HNA & Co LLP के पार्टनर एवं CII छत्तीसगढ़ वित्त एवं कराधान पैनल के संयोजक भावेश मित्तल ने GST 2.0 और उसके संभावित प्रभावों पर विस्तार से बताया।
कार्यक्रम का समापन संवादात्मक ओपन हाउस सत्र के साथ हुआ। अंत में CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के उपाध्यक्ष एवं श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए व्यापार सुलभता और निर्यात प्रोत्साहन पर निरंतर संवाद की प्रतिबद्धता दोहराई।





