दंतेवाड़ा, 08 सितंबर 2025
दंतेवाड़ा-नारायणपुर सीमा के अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें प्लाटून नंबर 16 की कमांडर और पीपीसी सचिव सोढ़ी विमला मारी गई। विमला पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सूत्रों के मुताबिक, ओरछा थाना क्षेत्र के बोंडोस, नेंदुर, गवाडी और आसपास के इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन लॉन्च किया था। नक्सलियों ने जवानों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में बलों ने भी मोर्चा संभाला। मुठभेड़ के दौरान नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले, लेकिन विमला मौके पर ढेर हो गई।
मुठभेड़ के बाद की गई सर्चिंग में जवानों ने मृत नक्सली के शव के साथ 303 राइफल, 315 बोर राइफल, दो बीजीएल लॉन्चर, अन्य हथियार, विस्फोटक और करीब 19 किलो जिलेटिन स्टिक बरामद की। जिलेटिन का उपयोग नक्सली आईईडी बनाने में करते हैं।
बस्तर आईजी सुधरराज पी. ने बताया कि नक्सलियों ने नेंदुर-गवाडी के जंगल-पहाड़ में अस्थायी ठिकाना बना रखा था। मौके से मिले खून के धब्बों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि बड़ी संख्या में नक्सली घायल भी हुए हैं।
गौरतलब है कि सोढ़ी विमला कई मुठभेड़ों में शामिल रही थी और अबूझमाड़ के कौशलनार व मंगनार क्षेत्र में कई ग्रामीणों की हत्या में उसका नाम सामने आ चुका था। हर बार बच निकलने में कामयाब होने वाली विमला इस बार सुरक्षा बलों के निशाने से नहीं बच पाई।





