रायगढ़, 09 सितम्बर 2025
जिंदल स्टील प्लांट में कार्यरत 30 वर्षीय इंजीनियर मोनालिसा नायक ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मोनालिसा नायक ओडिशा के केन्दुझर की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से जिंदल स्टील प्लांट में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं। सोमवार दोपहर वह अपनी सहेली के साथ वार्षिक मेडिकल चेकअप के लिए जिंदल फोर्टिस अस्पताल गई थीं। अस्पताल से लौटने के बाद वह हॉस्टल के कमरे में चली गईं। शाम करीब पांच बजे जब सहेली ने दरवाजा खटखटाया और फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल की अन्य लड़कियों और मैनेजर की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर उनका शव फांसी पर लटका मिला।
हॉस्टल इंचार्ज ने तुरंत घटना की सूचना कंपनी प्रबंधन और पुलिस को दी। कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है।





