प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस की आमसभा में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से माइक छीने जाने के बाद उनका दर्द छलका है। भगत ने कहा- बाहरी नेता छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति से परिचित नहीं होते हैं जिसके कारण उनसे गलती हो जाती है। ऐसी चीजों को दरकिनार करना चाहिए। समय की पाबंदी के चलते मैं अपनी बात नहीं रख पाया कोशिश करूंगा अगली बार हर मुद्दे पर अपनी बात रखूं।
भरी सभा में भाषण दे रहे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से माइक छीन लिया गया। मामले में भाजपाइयों ने कांग्रेस पर आदिवासी नेता का अपमान करने का आरोप लगाया है। इस बीच अब पूर्व मंत्री अमरजीत भगत बोले – भाजपा के नेता मामले को तूल देने में लगे हुए हैं। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि, अगर मेरा अपमान हुआ है तो भाजपा के लोग मेरे लिए सम्मान सभा का आयोजन कर मुझे सम्मानित करे। साथ ही बड़े बड़े हार पहनाकर मेरा स्वागत करे।
बाहरी लोगों से हो जाती है गलती
पूर्व मंत्री भगत ने कहा- लोगों की भावनाएं हमसे जुड़ी है क्योंकि हम जल, जंगल और जमीन की बात करते हैं। समय की समय की पाबंदी की वजह से मुझे इन मुद्दों पर बोलने का अवसर नहीं मिला कोशिश करूंगा की आगे अपनी बात रखूं। उन्होंने आगे कहा – रही बात मेरे से माइक छिनने की तो ऐसी छोटी गलती हो जाती है। बाहर से आए लोग हमारे मेहमान है इसलिए हम छत्तीसगढ़ की संस्कृति का सम्मान करते हुए उनकी गलती को माफ़ करते हैं।
क्या है पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि, मंगलवार को बिलासपुर में कांग्रेस की आमसभा का आयोजन हुआ। जिसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत राज्य के कई दिग्गज कांग्रेस नेता भी शामिल हुए थे। इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत आमसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच एक नेता भरी सभा में भाषण के बीच में ही उनकी माइक छिन लेते हैं। जिसके बाद अब भाजपा के आदिवासी नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोला है।





