कोरबा, 10 सितंबर 2025

जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान ने सर्विस राइफल से गोलियां दागकर अपनी साली और चाचा ससुर की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग रहा था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के उमेंदी भांठा गांव की है।
जानकारी के अनुसार, CAF जवान टेसराम बिंझवार उर्फ जगन्नाथ बिंझवार मड़वारानी स्थित सीएएफ कैंप में आरमोरर (बंदूक सफाई) पद पर पदस्थ है। बुधवार को उसकी रिजर्व बल में ड्यूटी लगी थी, लेकिन सुबह वह ड्यूटी छोड़कर अपने घर चला गया। इसके बाद अपनी सर्विस इंसास राइफल लेकर सीधे उमेंदी भांठा गांव पहुंचा और मंदिर के पास अपनी 17 वर्षीय साली मदालसा और 35 वर्षीय चाचा ससुर राजेश कुमार पर दो-दो गोलियां दाग दीं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी जवान भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी सर्विस राइफल भी जब्त कर ली है।
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसके बाद ही हत्या की असली वजह साफ हो पाएगी।





