प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 10 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है और इस मौके को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था। इसलिए इस साल को सरकार ने अटल निर्माण वर्ष घोषित किया है। इस अवसर पर अगले 25 हफ्तों तक राज्यभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसमें शामिल होने का आमंत्रण भेजा गया है।
नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का नया भवन लगभग तैयार है। 1 नवंबर को रजत जयंती राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी भी संभव है। इसके बाद विधानसभा का आगामी सत्र नए भवन से आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने कोरबा रवाना हुए थे। इस दौरान रायपुर स्टेट हैंगर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार का राज्योत्सव बेहद खास होगा, क्योंकि यह रजत जयंती के साथ अटल निर्माण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।





