रायपुर/जगदलपुर, 11 सितंबर 2025मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनने के बाद लगातार इन्वेस्टर कनेक्ट का आयोजन किया जा रहा है। राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए यह पहल रायपुर, दिल्ली, बैंगलोर, मुंबई के साथ-साथ विदेश में भी हो चुकी है। आज यह आयोजन जगदलपुर में हो रहा है, जिसमें बस्तर और सरगुजा पर सरकार का विशेष फोकस है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नए उद्योग नीति में एससी-एसटी, महिलाएं और अग्निवीर के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। जो लोग उद्यमी बनना चाहते हैं, उनके लिए सब्सिडी का प्रावधान है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के लगभग 34 उद्योगपतियों को इन्वेस्टर कनेक्ट में भाग लेने के लिए पत्र जारी किए गए हैं। उनका कहना है कि हर क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने और निवेश बढ़ाने का प्रयास जारी है। पिछड़े वर्ग के लिए 10 प्रतिशत अधिक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है, वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के लोग भी उद्योग स्थापित करेंगे तो उन्हें सब्सिडी मिलेगी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इससे बस्तरवासियों को बड़ी सौगात मिलेगी। उन्होंने बताया कि आज बस्तर में कैंसर हॉस्पिटल का अनुबंध भी होगा। मंत्री ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर भी कटाक्ष किया और कहा कि कांग्रेस में फिलहाल सिर फुटोव्वल की स्थिति है और नेता एक-दूसरे की टांग खिंचाई में व्यस्त हैं।





