प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 11 सितंबर 2025

राजधानी रायपुर साहित्य प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर का गवाह बनने जा रहा है। दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 20 और 21 सितंबर को दो दिवसीय हिंद युग्म उत्सव 2025 का आयोजन होगा। यह देश का एकमात्र घुमंतू साहित्य उत्सव है, जो हर साल अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता है। चौथे संस्करण के लिए रायपुर को चुना गया है।
इस उत्सव में देशभर से लगभग 100 लेखक और साहित्यकार शामिल होंगे। आयोजन के केंद्र में सुप्रसिद्ध साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल रहेंगे। उनके सम्मान में कविताओं की नाट्य प्रस्तुतियाँ और उन पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित होगी।
साहित्य प्रेमियों को इस मंच पर कई दिग्गजों को सुनने का अवसर मिलेगा। इनमें मानव कौल, राहगीर, ‘पंचायत’ फेम फैजल मलिक, परितोष त्रिपाठी, नीलोत्पल मृणाल और दिव्य प्रकाश दुबे शामिल हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम में कहानियों, कविताओं, संगीत और कला का संगम देखने को मिलेगा। इसमें किताबों की दुनिया और इसके नए ट्रेंड्स पर परिचर्चाएँ, लेखकों और सिनेमा विशेषज्ञों से संवाद, ‘हिन्दवी’ का विशेष कैंपस-कविता कार्यक्रम, ‘ओपन माइक छत्तीसगढ़ – मंच खुला है’ के तहत 200 से अधिक नई प्रतिभाओं की प्रस्तुतियाँ, संगीतमय संध्या, स्टैंड-अप कॉमेडी, टेराकोटा एवं पेंटिंग कार्यशालाएँ और बच्चों-बड़ों के लिए विशेष गतिविधियाँ होंगी।
उत्सव में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। लोकनृत्य, लोकगायन, लोककला प्रदर्शनी, पारंपरिक व्यंजन, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के स्टॉल इसकी खासियत होंगे। साथ ही प्रमुख प्रकाशकों की किताबों की प्रदर्शनी और बिक्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले हिंद युग्म उत्सव के तीन संस्करण बाड़मेर, वाराणसी और भोपाल में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। रायपुर में आयोजित यह चौथा संस्करण साहित्य, कला और संस्कृति का अनूठा संगम साबित होगा।





