बिलासपुर, 11 सितंबर 2025। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाज़ी की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कदम उठाए जाएंगे।
एसपी ने बताया कि अब तक 300 से अधिक मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 276 चाकू ऑनलाइन तस्करी के दौरान जब्त किए, जबकि अन्य जिलों से आए अपराधियों से 36 चाकू बरामद किए गए। सभी मामलों की जानकारी दस्तावेजों सहित न्यायालय को दी गई है और अदालत ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है।

उन्होंने कहा कि छात्रों से पुलिस का कोई पूर्वाग्रह नहीं है, लेकिन यदि कोई छात्र या व्यक्ति अपराध में शामिल पाया जाता है तो उसे कानून का सामना करना होगा। पुलिस का मकसद छात्रों और आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि समस्याओं का समाधान भीड़ या नारेबाजी से नहीं होगा। उन्होंने कहा, “यदि 5–6 प्रतिनिधि ज्ञापन देंगे तो संवाद आसान होगा और समाधान जल्द मिलेगा।”
इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मीडिया में चाकूबाज़ी की घटनाओं को अपेक्षा से अधिक उछाला जा रहा है, जबकि पुलिस ने हालात काबू में कर लिए हैं।
एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता नशा, अवैध हथियार और अपराध पर पूरी तरह से रोक लगाना है। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा – “पुलिस और समाज मिलकर ही सुरक्षित माहौल बना सकते हैं।”





