डोंगरगढ़, 15 सितंबर 2025 छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी डोंगरगढ़ में रविवार शाम एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया। यहां ट्यूशन से लौट रही चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ 53 वर्षीय पड़ोसी ज्ञानी चौरे ने दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा होते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों नागरिक थाने का घेराव करने पहुंच गए। बढ़ते दबाव के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मासूम बच्ची रोज की तरह ट्यूशन से घर लौट रही थी। इस दौरान पड़ोसी ज्ञानी चौरे ने उसे अपने घर बुलाया और अमानवीय कृत्य किया। घर पहुंचने पर बच्ची ने पीड़ा व्यक्त करते हुए मां को बताया कि “दादा” ने उसे परेशान किया। परिवार को संदेह हुआ और स्थानीय लोगों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

वारदात की खबर फैलते ही गुस्साए नागरिक बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। दबाव बढ़ने पर पुलिस ने रातोंरात कार्रवाई शुरू की, बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी ज्ञानी चौरे को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। फॉरेंसिक जांच और सबूतों के आधार पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस बीच स्थानीय निवासियों ने खुलासा किया कि आरोपी के घर पर लंबे समय से नशे का अड्डा चलता था और कई बार शिकायतें होने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। लोगों ने इस लापरवाही को ही इस घटना का मुख्य कारण बताया।
घटना की जानकारी मिलते ही डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और कठोरतम सजा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, “यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए कलंक है। मासूम बच्ची के साथ विश्वासघात करने वाले अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। कानून अपना काम करेगा और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”
फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ठोस सबूतों के साथ आरोपी के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया जाएगा। वहीं, नागरिकों का आक्रोश अब भी बरकरार है और वे पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।



