प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 16 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों की हड़ताल अब 29 दिन पूरे कर चुकी है। कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार मोर्चा बनाए हुए हैं, लेकिन प्रदेश सरकार ने इस बीच नई रणनीति अपनाई है। सरकार ने NHM कर्मचारियों को नया नियुक्ति पत्र जारी कर ड्यूटी पर लौटने का आग्रह किया है। इससे पहले कर्मचारियों को अल्टीमेटम देते हुए बर्खास्त करने का आदेश भी जारी किया गया था।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि “लगभग एक महीने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं, ऐसे में कर्मचारियों को काम पर लौटना चाहिए। जो आदेश पूरे किए जा सकते थे, उन्हें पूरा कर दिया गया है।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर आगे भी विचार करेगी।
सरकार ने NHM कर्मचारियों की कुल 10 मांगों में से 5 मांगों पर मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है। हालांकि, कर्मचारी अब भी आर-पार की लड़ाई पर कायम हैं और कई कर्मचारी अपने बच्चों के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे हैं। अब सबकी नजर यह देखने पर है कि नई नियुक्ति पत्र और कुछ मांगों की मंजूरी के बाद कर्मचारी काम पर लौटते हैं या हड़ताल जारी रखते हैं।
स्थिति अभी भी तनावपूर्ण, NHM कर्मचारियों की हड़ताल के असर से स्वास्थ्य सेवाओं पर लगातार दबाव बना हुआ है।





