नई दिल्ली, 16 सितंबर 2025

आतंक की जड़ पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद सरगना मसूद अजहर को इस बार करारा झटका लगा है। दरअसल, जैश के टॉप कमांडर मसूद इलियास ने कैमरे के सामने कबूल किया है कि अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से किए गए ऑपरेशन सिंदूर में अजहर का पूरा परिवार मारा गया था।
इलियास के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने 7 मई की रात 1:05 बजे बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय मार्काज सुब्हान अल्लाह कॉम्प्लेक्स समेत नौ आतंकी ठिकानों पर जबर्दस्त हमला किया था। इस मिसाइल अटैक में मसूद अजहर की बहन, उसके पति और कई बच्चों सहित करीब 10 परिजन और 4 सहयोगी ढेर हो गए। पाकिस्तानी मीडिया ने शुरुआती दौर में 14 मौतों की रिपोर्ट दी थी, लेकिन अब जैश कमांडर की स्वीकारोक्ति ने भारत के दावे पर मुहर लगा दी है।
15 एकड़ में फैले इस कॉम्प्लेक्स में आतंकियों की ट्रेनिंग और कट्टरपंथी शिक्षा दी जाती थी। इलियास ने बताया कि बहावलपुर का यही ठिकाना जैश का असली गढ़ था, जिसे भारतीय वायुसेना ने तबाह कर दिया।
बता दें, मसूद अजहर (56) जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक है और संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकी है। उसने भारत में कई बड़े हमलों की साजिश रची थी—2001 का संसद हमला, 2008 का मुंबई हमला, 2016 का पठानकोट एयरबेस हमला और 2019 का पुलवामा हमला भी इसी की करतूत थे।
भारत के इस ऑपरेशन से पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को बड़ा झटका लगा है और अजहर की आतंक की विरासत चिथड़े-चिथड़े हो गई है।





