प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 18 सितंबर 2025

खरसिया विधायक उमेश पटेल की हरकत को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक चित्र के आधार पर कांग्रेस विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चिमनानी ने कहा कि वायरल फोटो में उमेश पटेल जूते पहनकर संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रतीक अशोक चक्र पर बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस कृत्य को संविधान, लोकतंत्र, सेना और शौर्य पुरस्कारों का घोर अपमान बताते हुए इसे “अक्षम्य अपराध” करार दिया।
चिमनानी ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के सामने यह सब हुआ लेकिन विरोध करने की बजाय वे सेल्फी खिंचवाने में व्यस्त रहे। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के इस रवैये को राष्ट्रीय मान-बिन्दुओं और जनभावनाओं का अपमान बताया।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस की जिस रैली में यह विवादास्पद घटना हुई, उसमें भी घोटालेबाजी सामने आई है। चिमनानी ने कहा कि रैली में भीड़ जुटाने के नाम पर महिलाओं को 200 रुपए देने की बात कही गई, लेकिन मौके पर उन्हें केवल 100 रुपए ही थमा दिए गए। इसको लेकर महिलाओं में आक्रोश भी देखा गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि “जब संगठन के फंड तक में घोटाला करने की आदत पड़ चुकी है, तो मजदूरी के पैसों में भी गड़बड़ी करना कांग्रेसियों का भ्रष्ट राजनीतिक चरित्र ही उजागर करता है।”
👉 कांग्रेस विधायक उमेश पटेल की इस हरकत को लेकर प्रदेश में अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।





