प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 19 सितंबर 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन पर प्रदेशभर में चल रहे सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत परिवहन विभाग ने विशेष पहल की है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप के दिशा-निर्देश पर प्रदेश के सभी परिवहन कार्यालयों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सफाई अभियान और दस्तावेजों का विनिष्टिकरण
प्रदेश के सभी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। रायपुर, राजनांदगांव, बीजापुर, अंबिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद और कोरबा कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने परिसर की साफ-सफाई की। साथ ही अनावश्यक और पुराने लर्निंग लाइसेंस दस्तावेजों का विनिष्टिकरण भी किया गया।
रक्तदान शिविर
परिवहन मंत्री के मार्गदर्शन में कई जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। अंबिकापुर, बीजापुर और रायगढ़ कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने रक्तदान में हिस्सा लिया। प्रत्येक केंद्र पर कम से कम 75 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया।
पौधरोपण अभियान
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत सभी परिवहन कार्यालयों में पौधरोपण किया गया। कोरिया, बलरामपुर, मुंगेली सहित अन्य जिलों में कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी कर वृक्षारोपण किया।
स्वास्थ्य शिविर और दवा वितरण
राजनांदगांव के पेण्ड्री में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाइयाँ प्रदान की गईं।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम समाज को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे न सिर्फ कार्यालयों में कार्य संस्कृति मजबूत होगी बल्कि समाज में अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।”





