प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 19 सितम्बर 2025/ सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लोक सेवा आयोग के तत्कालीन सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, एक डिप्टी कलेक्टर (तत्कालीन सचिव का पुत्र), एक डिप्टी कलेक्टर (तत्कालीन अध्यक्ष के भाई की बहू) और एक जिला आबकारी अधिकारी (तत्कालीन अध्यक्ष के भाई की बहू) शामिल हैं।

सीबीआई ने राज्य सरकार की अधिसूचना के आधार पर 9 जुलाई 2024 को RC1242024A0004 मामला दर्ज किया था। आरोप है कि तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव और आयोग के अन्य अधिकारियों ने 2020 से 2022 के बीच परीक्षा और साक्षात्कार में गड़बड़ी कर अपने बेटे, बेटी और रिश्तेदारों का चयन कराया।
वर्ष 2021 में सीजीपीएससी की परीक्षा में 1,29,206 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 170 का अंतिम चयन हुआ। आरोप है कि इनमें से कई चयनित उम्मीदवार अधिकारियों के रिश्तेदार थे।
इससे पहले भी सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष, उप परीक्षा नियंत्रक, चार चयनित उम्मीदवारों और एक निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है और वे न्यायिक हिरासत में हैं।
सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, परीक्षा में चयनित अन्य संदिग्ध उम्मीदवारों की भूमिका की जांच जारी है।





