बालोद, 20 सितम्बर 2025

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार की देर रात एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। रायपुर से छुट्टी मनाकर ड्यूटी पर लौट रहे सीआरपीएफ जवानों से भरी बस अनियंत्रित होकर दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के शिकारीटोला गांव के पास पलट गई।
जानकारी के मुताबिक, लगभग 16 सीआरपीएफ जवान पायल ट्रेवल्स की बस में सवार थे और भोपालट्टनम कैंप में ड्यूटी पर लौट रहे थे। बस में जवानों के अलावा करीब 15 आम यात्री भी मौजूद थे। हादसे के समय बस में एएसआई सुभाष सिंह भी सवार थे।
हादसे में 4 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि एक जवान के हाथ में चोट आई है। घायलों को शहीद हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और बस चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के दौरान सीआरपीएफ जवानों के सामान और मोबाइल भी बस के नीचे दब गए थे। घटना के कारणों का पता लगाने और घायलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया है।





