प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 सितंबर 2025

भोपाल और रायपुर के बीच संचालित होने वाली इंडिगो फ्लाइट शनिवार से रोजाना नियमित रूप से उड़ान भरेगी। पहले यह फ्लाइट सप्ताह में केवल तीन दिन ही चलती थी, जिससे यात्रियों को अपना सफर तय करने में इंतजार करना पड़ता था। अब सातों दिन उड़ान होने से यात्रा आसान होगी और किराए में भी थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। यह फ्लाइट डेढ़ घंटे में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की राजधानी को जोड़ती है।
विमानन सूत्रों के अनुसार, त्योहारी सीजन के पहले सबसे अधिक घरेलू उड़ानें संचालित करने वाली इंडिगो अपनी फ्लाइट्स की अवधि बढ़ाने और नए सेक्टरों में संचालन करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में भोपाल से रायपुर के बीच रविवार, गुरुवार और शनिवार को चलने वाली फ्लाइट को नियमित किया जाएगा। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोगों के बीच लंबे समय से पारिवारिक संबंध हैं, जिससे इस मार्ग की मांग अधिक है।
कुछ शहरों से उड़ानों के किराए में बढ़ोतरी
त्योहार का मौसम अभी दूर है, लेकिन कुछ शहरों से रायपुर पहुंचने वाले फ्लाइट किराए पहले ही बढ़ चुके हैं। बेंगलुरु से रायपुर का किराया 24 घंटे में 13 हजार से 18 हजार रुपये तक पहुँच गया है। कोलकाता से रायपुर के सफर के लिए 11 हजार से 18 हजार रुपये खर्च करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में अन्य शहरों से रायपुर आने वाले यात्रियों को भी टिकट के लिए अधिक खर्च करना पड़ सकता है।





