प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 सितंबर 2025

आधी रात सड़क पर कारें खड़ी करके बोनट पर केक काटने और आतिशबाजी करने वाले युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। खरोरा इलाके में मसल मनिया जिम चलाने वाले वकार आलम और उनके दोस्त सजल भाटिया समेत आधा दर्जन से अधिक युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट धरसींवा-पवनी निवासी रवि धुरी ने दर्ज कराई। यह घटना 18-19 सितंबर की रात 12 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मसल मनिया जिम के सामने मेन रोड पर वकार आलम का जन्मदिन मनाया गया। वकार और सजल भाटिया समेत अन्य युवकों ने सड़क पर कारें खड़ी कर रोड जाम कर दिया और कार के बोनट पर केक काटा। इसके बाद रोड पर ही आतिशबाजी की गई। वीडियो में एक युवक जलते हुए पटाखों की लड़ी लेकर सड़क पर दौड़ते हुए दिखाई दे रहा है। इस वजह से कई लोग परेशान हुए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिख रहे वकार जिम संचालक हैं, जबकि सजल भाटिया एक कारोबारी परिवार से संबंधित हैं। कुछ अन्य युवक एक निजी विश्वविद्यालय के छात्र बताए गए हैं। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





