प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 20 सितंबर 2025

नवरात्र पर्व के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने भक्तों के लिए राहत भरी खबर दी है। इस दौरान 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कुल 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में 9 दिनों के लिए स्टापेज दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने समय सारिणी भी जारी कर दी है।
साथ ही, नवरात्र के अवसर पर गोंदिया-दुर्ग और रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू ट्रेनों का विस्तार किया गया है और दुर्ग और डोंगरगढ़ के बीच 9 दिन के लिए एक विशेष मेमू ट्रेन भी चलाई जाएगी।
10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टापेज:
इस बार पांच जोड़ी ट्रेनों यानी 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ में 2 मिनट के लिए ठहराव सुनिश्चित किया गया है। इन ट्रेनों में शामिल हैं:
- बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर-चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर-पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस
- रायपुर-सिकंदराबाद-रायपुर एक्सप्रेस
MEMU ट्रेन सेवाओं में विस्तार:
- गोंदिया-दुर्ग MEMU: 9 दिन के लिए रायपुर तक बढ़ाई गई। यह ट्रेन गोंदिया से दुर्ग होते हुए भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, देव बलौदा चरौदा, डी-केबिन, कुम्हारी, सरोना होते हुए रायपुर पहुंचेगी। वापसी में वही मार्ग तय करेगी।
- रायपुर-डोंगरगढ़ MEMU: 9 दिन के लिए गोंदिया तक बढ़ाई गई। डोंगरगढ़ से चलकर गुदमा, आमगांव, धानौली, सालेकसा, दरेकसा, बोरतलाव, पनिया-जोब होते हुए गोंदिया पहुंचेगी और वापसी में वही मार्ग तय करेगी।
- दुर्ग-डोंगरगढ़ स्पेशल MEMU: 9 दिन के लिए चलाई जाएगी। यह ट्रेन दुर्ग से रसमरा, मुरहीपार, परमलकसा, राजनांदगांव, बकल, मुसरा, जटकन्हार होते हुए डोंगरगढ़ पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने यात्रा की योजना समय सारिणी के अनुसार बनाएं और सुरक्षित यात्रा करें।





