कांकेर, 23 सितंबर 2025

जिले के चारामा निवासी टीकम तारम ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। हरियाणा के करनाल में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यूथ चेंज मेकर राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही इंग्लैंड से वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस सर्टिफिकेट भी उन्हें प्रदान किया गया।
यह सम्मान अखिल भारतीय संस्था निफा (नेशनल इंटीग्रेट फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिया गया। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, पूर्व उद्योग मंत्री शशिपाल मेहता, करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता सहित जापान, इंग्लैंड और मॉरीशस से आए अतिथियों ने टीकम तारम को सम्मानित किया।
पिछले आठ वर्षों से लगातार समाजसेवा में सक्रिय टीकम तारम अब तक 36 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनकी संस्था जयहिंद रक्तदान सेवा समिति के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाया गया है। दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाना, लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करना और युवाओं को समाजसेवा से जोड़ना उनके सराहनीय कार्यों में शामिल है।
टीकम तारम के साथ हेम साहू का भी सम्मान किया गया। इस उपलब्धि पर जयहिंद रक्तदान सेवा समिति के संरक्षक डॉ. दुर्गेश अवस्थी, कोमल सेन, पुरुषोत्तम सिन्हा, आशीष उईके, धीरेन्द्र मिश्रा, वाशु साहू, उत्तम साहू, माही रात्रै, कुशल साहू और रितेश्वरी तारम सहित समाज के लोगों ने बधाई दी है।





