केशकाल, 25 सितम्बर 2025

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर छत्तीसगढ़ के केशकाल नगर सीमा के भीतर सड़क की हालत लंबे समय से बदतर बनी हुई थी। बड़े-बड़े गड्ढों और धंसी हुई परतों ने इस मार्ग को जानलेवा बना दिया था। महज ढाई किलोमीटर सड़क पार करने में वाहनों को आधे घंटे तक का समय लग रहा था। अब इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है।
केंद्र सरकार ने NH-30 के अंतर्गत केशकाल की करीब 3.800 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए 819.67 लाख रुपये की मंजूरी दे दी है। यह स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
लंबे समय से जर्जर सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो गई थी। बाइक और स्कूटी सवार आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। वहीं, चारपहिया वाहनों की टूट-फूट और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी बढ़ गई थीं। कई बार बस और ट्रक पलटने की नौबत तक आ चुकी थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस स्वीकृति पर खुशी जताई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केशकाल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और यहां के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
अब उम्मीद है कि सड़क मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।





