दुर्ग, 26 सितंबर 2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को 5 अक्टूबर 2025 को दुर्ग में आयोजित होने वाले “सँयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ” के प्रथम वार्षिक महासम्मेलन में शामिल होने के लिए संगठन के पदाधिकारियों द्वारा आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में अपनी उपस्थिति का आश्वासन भी दिया।

यह कार्यक्रम विवेकानंद भवन, केंद्रीय जेल के पास आयोजित होगा, जिसमें पूरे प्रदेश के पुलिस कर्मचारियों, उनके परिवारों, सशस्त्र बल, डीएसएफ, सहायक आरक्षक, नगरसेना और जेल विभाग के परिजन शामिल होंगे। अनुमानित प्रतिभागियों की संख्या लगभग 30,000 तक होने की संभावना है।
संगठन के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ में पहली बार हो रहे पुलिस परिवार सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस परिवार को आपस में जोड़ना और समाज में पुलिस के योगदान को उजागर करना है। सम्मेलन में आने वाले अतिथियों से किसी भी प्रकार की कोई मांग नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, डीजीपी अरुण देव गौतम, एडीजी एसआरपी कल्लूरी सहित समस्त मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी आमंत्रित किया गया है।
उज्जवल दीवान लगातार प्रदेश के सभी जिलों में जाकर आमंत्रण पत्र बाँट रहे हैं। संगठन का उद्देश्य है कि पुलिस परिवार की एकता बनाए रखी जाए और भविष्य में पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए शासन की योजनाओं तथा संगठन के प्रयासों को साझा किया जा सके।
सम्मेलन में संगठन के संरक्षक पूर्व विधायक रामदयाल उइके, नवीन राव, आशीष अवस्थी, राजेश रजक और अभिषेक गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।





