प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 28 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के कार्यकमों में शामिल होंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर 1:30 बजे पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित मैत्री महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे । उसके बाद कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, बीजेपी कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे । उसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी सभागार, मेडिकल कॉलेज में व्यापारियों से GST 2.0 रिफॉर्म्स को लेकर चर्चा करेंगे।
डिप्टी CM अरुण साव करेंगे रतनपुर में मां का दर्शन
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात का श्रवण करेंगे । उसके बाद बिलासपुर से प्रस्थान कर रतनपुर पहुंचेंगे और मां महामाया के दर्शन करेंगे । दर्शन के बाद रायपुर लौटेंगे ।
बलौदाबाज़ार में होगा सायक्लोथॉन-2025 का आगाज
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर बलौदाबाज़ार जिले में आज भव्य सायक्लोथॉन-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के राजस्व, आपदा एवं उच्च शिक्षा विभाग मंत्री टंकराम वर्मा हरी झंडी दिखाकर सायक्लोथॉन का शुभारंभ करेंगे।
इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कमलेश जांगड़े, विधायक कविता प्राणलहरे, पूर्व विधायक शिवरत्न शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला बलौदाबाज़ार-भाटापारा द्वारा किया जा रहा है। सायक्लोथॉन का आयोजन 28 सितम्बर 2025, रविवार सुबह 6 बजे से सोनाबरसा (लटुवा) वन विहार केंद्र से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन, युवा एवं खेल प्रेमी, सायक्लोथॉन में भाग लेकर स्वस्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
हनुमंत कथा को लेकर प्रेसवार्ता
स्व. श्री पुरुषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में दिनांक 4 से 8 अक्टूबर 2025 को पुनः गुढ़ियारी, रायपुर की पुण्य धरा पर पं. श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी, बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के श्रीमुख से श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
इसी उपलक्ष्य में आयोजन के संबंध में पत्रकार वार्ता आज आयोजित की गई है । जिसे वरिष्ठ समाज सेवक बसंत अग्रवाल संबोधित करेंगे।
आज का मौसम
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की से भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने गरज-चमक की भी आशंका जताई है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि, आज कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले के लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।





