प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 29 सितंबर 2025
बंगाल की खाड़ी में नए मौसम प्रणाली के बनने से पहले छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मानसून का असर दिखा। पिछले 24 घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है और कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
कहाँ बरसेंगे आज बादल
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में मध्यम वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश की जानकारी
विभाग के अनुसार मरीं बंगला देवरी में 11 सेमी, राजनांदगांव 8 सेमी, बड़ेबचेली 8 सेमी, छोटेडोंगर 8 सेमी, डौंडीलोहारा 7 सेमी, दुर्गकोंदल 7 सेमी, अंबागढ़ चौकी 7 सेमी, अर्जुन्दा 7 सेमी, तोंगपाल 7 सेमी, कोंडागांव 6 सेमी, डौंडी 6 सेमी, माकड़ी 6 सेमी, छिंदगढ़ 6 सेमी, कुमरदा 6 सेमी, पिथौरा 5 सेमी, कांकेर 5 सेमी, फरसगांव 5 सेमी, धनोरा 5 सेमी, खड़गांव 5 सेमी, मानपुर 5 सेमी, औंधी 5 सेमी, गुंडरदेही 5 सेमी, छुरिया 5 सेमी और दंतेवाड़ा 5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में मौसम
रायपुर शहर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सिनोप्टिक स्थिति और भविष्य की बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा 20° उत्तर/69° पूर्व से 30° उत्तर/81° पूर्व तक गुजर रही है। दक्षिण आंतरिक ओडिशा पर बना दबाव दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। यह अगले 24 घंटों में कमजोर होकर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर में 30 सितंबर को बनने वाला ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण और उससे जुड़े निम्न दाब का क्षेत्र 1 अक्टूबर से बंगाल की खाड़ी पर विकसित होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधि 1 अक्टूबर से और बढ़ने की संभावना है।





