धमतरी, 01 अक्टूबर 2025
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में एक 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार दूसरे जिले से ईंट भट्ठे पर काम करने आया था। आरोपी राकेश मंडावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी राकेश मंडावी भी ईंट भट्ठे पर काम करता था। मंगलवार को उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह बच्ची ने अपनी आपबीती परिजनों तक पहुंचाई।
बच्ची के परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीएसपी मोनिका मरावी और कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
डॉक्टर अखिलेश देवांगन ने बताया कि बच्ची को 108 एम्बुलेंस से लाया गया और तुरंत इलाज शुरू किया गया। फिलहाल, बच्ची की स्थिति में सुधार हो रहा है।
डीएसपी मोनिका मरावी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला क्षेत्र में सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा करता है।





