प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 01 अक्टूबर 2025

बिरनपुर मामले की जांच में सीबीआई द्वारा चार्जशीट दाखिल करने के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “कम से कम सीबीआई पर तो कांग्रेस का विश्वास बढ़ा है। पांच सालों तक उन्होंने सीबीआई को बैन कर रखा था।”
उन्होंने कहा कि सीबीआई ने जांच में गांव वालों के तर्क वाले बिंदु पर ध्यान नहीं दिया है। वहीं फरार आरोपियों पर कांग्रेस की टिप्पणी का जवाब देते हुए शर्मा ने कहा कि “दुबई में जो बैठे हैं, उनके साथ कांग्रेस के लोग भी बैठे हैं, कांग्रेस यह बताए कि उनका क्या हुआ।”
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार उस समय “मदहोश” थी। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस को अपने कार्यकाल में कभी ध्यान ही नहीं आया कि प्रदेश में क्या चल रहा है। कांग्रेस में कुछ ही लोगों की धमक ज्यादा थी, बाकी सबकी आवाज दबा दी जाती थी।”
विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में एनडीपीएस मामलों में लगातार कार्रवाई हो रही है। “4-5 साल पुराने मामलों में भी लोग पकड़े जा रहे हैं। पहली बार प्रॉपर्टी अटैच की जा रही है। कांग्रेस के समय इतनी शिद्दत से कार्रवाई कभी नहीं हुई।”
उन्होंने बताया कि 28 से 30 अक्टूबर तक डीजी कॉन्फ्रेंस छत्तीसगढ़ में होगी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो रात तीन दिन तक मौजूद रहेंगे, वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि अमित शाह 3 अक्टूबर की रात छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। अगले दिन वे दंतेवाड़ा में दंतेश्वरी माता के दर्शन करेंगे और स्वदेशी मेले में शामिल होंगे। साथ ही मांझी-मुड़िया पुजारियों से चर्चा करेंगे।
विजय शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 12 से 14 अक्टूबर तक एसपी-कलेक्टर की बैठक लेंगे। यह बैठक नियमित है और इससे आगामी कार्यक्रमों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि रायपुर में लागू होने वाली कमिश्नर प्रणाली के लिए ड्राफ्टिंग का काम चल रहा है। “इस प्रणाली से पुलिस के हाथ मजबूत होंगे और कामकाज बेहतर ढंग से होगा।”





