मुंबई, 08 अक्टूबर 2025/ देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अदाणी व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल (WWI) में आयोजित ‘सेलिब्रेट सिनेमा वीक 2025’ के अवसर पर 10 अक्टूबर को छात्रों से संवाद करेंगे। इस विशेष सत्र का विषय होगा — “डेवलपिंग इंडिया ऐज द सॉफ्ट पावर ऑफ द वर्ल्ड”। इस दौरान वे लगभग 2,000 छात्रों को संबोधित करेंगे।

व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल की अध्यक्ष मेघना घोष पुरी ने बताया, “हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि गौतम अदाणी ने हमारे निमंत्रण को ससम्मान स्वीकार किया है। छात्र और संकाय सभी उनके विचार सुनने के लिए बेहद उत्साहित हैं।”
कार्यक्रम में अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी भी उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर कैंपस में मीडिया और एंटरटेनमेंट क्षेत्र में नवीनतम एआई तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो विद्यार्थियों के लिए भविष्य की संभावनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
संस्थान के संस्थापक और चेयरमैन सुभाष घई ने कहा, “हमारे लिए यह अत्यंत सम्मान की बात है कि हम गौतम अदाणी का स्वागत कर रहे हैं। उनकी सफलता की कहानी आज भारत की प्रगति और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। राष्ट्र निर्माण में ‘सॉफ्ट पावर’ की भूमिका पर उनके विचार छात्रों को नई दिशा देंगे।”
व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल 8 से 10 अक्टूबर तक ‘सेलिब्रेट सिनेमा वीक 2025’ मना रहा है। इस दौरान 40 से अधिक वर्कशॉप्स और सांस्कृतिक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष समारोह का विशेष आकर्षण राज कपूर और गुरु दत्त की जन्मशती को समर्पित है, जिसके अंतर्गत “भारतीय सिनेमा में कविता और संगीत का महत्व” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यह आयोजन न केवल भारतीय सिनेमा के गौरवशाली इतिहास को सलाम करेगा, बल्कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच संवाद का एक प्रेरक मंच भी बनेगा।





