प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाज़ार-भाटापारा, 8 अक्टूबर 2025

दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीये बनाकर अपनी आजीविका चलाने वाले ग्रामीण कुम्हारों के हित में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर दीपक सोनी ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया है कि नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में दीये विक्रय करने आने वाले ग्रामीणों से किसी भी प्रकार का कर या शुल्क वसूल नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे ग्रामीणों को बिक्री के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें अपने उत्पाद बेचने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए और आमजन अधिक से अधिक मिट्टी के दीये व स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें, ताकि ग्रामीण कारीगरों की मेहनत का उचित सम्मान और आर्थिक सहयोग मिल सके।
कलेक्टर सोनी ने जिलेवासियों से अपील की है कि “दीपावली पर मिट्टी के दीये अवश्य खरीदें, ताकि कुम्हारों को आर्थिक संबल मिल सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बने।”
कलेक्टर कार्यालय से इस आशय का आदेश सभी जिला प्रमुखों, अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को जारी कर दिया गया है।





