बलरामपुर, 11 अक्टूबर 2025

रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को कक्षा सातवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा की पीलिया से मौत हो गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में गंदा और दूषित पानी पीने से दर्जनों छात्र पीलिया की चपेट में आ चुके हैं। इस मामले की जानकारी पहले भी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों की उदासीनता के चलते अब हालात गंभीर हो गए हैं।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है और कई बच्चे अब भी बीमार हैं।
इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रायमुनि यादव ने कहा—
“मुझे पदभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। सोमवार को स्वयं स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच करूंगा। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम उठाए होते, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। फिलहाल स्कूल परिसर में दहशत और मातम का माहौल है।





