प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 11 अक्टूबर 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रायपुर जिला कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव किया है। सोमवार, 9 अक्टूबर की देर शाम जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने अपनी नई टीम की घोषणा की, जिसमें कुल 29 पदाधिकारी शामिल हैं। इस फैसले में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति रही।
नई कार्यकारिणी में युवाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं का संतुलन बनाए रखा गया है, ताकि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके। इस बार कुछ पुराने पदाधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है और कुछ को दोबारा मौका दिया गया है। पूर्व में उपाध्यक्ष रहे संतोष शुक्ला को इस बार महामंत्री बनाया गया है, जबकि ललिता वर्मा पहली महिला हैं जिन्हें महामंत्री का महत्वपूर्ण पद दिया गया। शिव शंकर वर्मा को दोबारा उपाध्यक्ष बनाया गया है और भाजपा के ऊर्जावान युवा नेता विकास कोटवानी को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष श्याम नारंग ने कहा कि नई टीम का उद्देश्य संगठन को सुदृढ़ करना और सक्रियता बढ़ाना है। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, मंत्री, प्रवक्ता, प्रचार प्रसार मंत्री, कार्यालय प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी और आईटी सेल प्रभारी समेत कई जिम्मेदार पद शामिल हैं। इस बदलाव से रायपुर भाजपा संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार होने की उम्मीद जताई जा रही है।





