प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 12 अक्टूबर 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के कृषि क्षेत्र को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए “पीएम धन-धान्य कृषि योजना” और “दलहन आत्मनिर्भरता मिशन” का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 42 हजार करोड़ रुपए से अधिक की कृषि परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिनमें कृषि अवसंरचना, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी 1100 से अधिक योजनाएँ शामिल हैं।
दंतेवाड़ा जिला कार्यालय के सभाकक्ष में इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने वर्चुअली शामिल होकर किसानों का उत्साहवर्धन किया।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कृषि क्रांति के नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा, “दलहन आत्मनिर्भरता मिशन भारत को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का एक बड़ा कदम है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और देश की खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी।”
उन्होंने बताया कि इस मिशन के तहत देश के 100 जिलों को चयनित किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा, कोरबा और जशपुर जिले शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव का विषय है कि छत्तीसगढ़ अब दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होगा।
कश्यप ने आगे कहा कि दंतेवाड़ा जिला पहले से ही उद्यानिकी, मिलेट्स, प्राकृतिक खेती, वनोपज, डेयरी और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। अब दलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलने से किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को नई गति मिलेगी। उन्होंने जिले के किसानों से इस मिशन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
वन मंत्री ने कहा, “जय जवान, जय किसान आज भी देश की आत्मा है। हमारे जवान सीमाओं की रक्षा करते हैं और हमारे किसान अपने श्रम से भारत को समृद्ध बनाते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण जिलेभर में उत्साहपूर्वक देखा गया। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।





