प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 16 अक्टूबर 2025

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर (AIIMS) ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह 2025 में समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न सामुदायिक और शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस वर्ष का वैश्विक विषय था — “मानसिक स्वास्थ्य एक सार्वभौमिक मानव अधिकार है।”
सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के तहत एम्स के मनोरोग विभाग ने परिसर और बाहरी क्षेत्रों में कई सत्र आयोजित किए। आदर्श विद्यालय, टाटीबांध और शासकीय प्राथमिक विद्यालय, डूमरतरई में छात्रों और शिक्षकों के लिए आयोजित कार्यशालाओं में भावनात्मक साक्षरता, तनाव प्रबंधन, माइंडफुलनेस और स्वस्थ संवाद पर विशेष जोर दिया गया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक अनुभव साझा किए, जबकि शिक्षकों ने इसे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताया।
नंदनवन वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य और चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। मनोचिकित्सक, चिकित्सा अधिकारी और सहायक कर्मचारियों की टीम ने परामर्श, काउंसलिंग और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं और अकेलापन, चिंता व अवसाद जैसी सामान्य मानसिक समस्याओं से निपटने के उपाय बताए।
एम्स परिसर के केंद्रीय पंजीकरण डोम में पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें नर्सिंग छात्रों और स्टाफ ने मानसिक स्वास्थ्य पर रचनात्मक संदेश और पोस्टर प्रस्तुत किए। श्रेष्ठ प्रविष्टियों को डॉ. मुदलसा रवीना और डॉ. सौमित्र त्रिवेदी की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।
प्रथम वर्ष के नर्सिंग छात्रों के लिए “जीवन कौशल और भावनात्मक स्वास्थ्य – तनाव से निपटने की कला” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें सहानुभूति, लचीलापन और आत्म-प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।
लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त), कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, और डॉ. (प्रोफेसर) एली महापात्र, डीन (अनुसंधान) के मार्गदर्शन में यह पहल सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रमों का समन्वय डॉ. लोकेश कुमार सिंह, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, मनोरोग विभाग ने संकाय सदस्यों, रेजिडेंट्स और छात्र स्वयंसेवकों के सहयोग से किया।
लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) अशोक जिंदल ने कहा, “मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एक सशक्त और करुणामय समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर लगातार सामुदायिक आउटरीच, शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह 2025 का आयोजन संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक कल्याण सभी के लिए अनिवार्य है।





