जगदलपुर. 25 अक्टूबर 2025
बस्तर संभाग के दौरे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया है. उन्होंने साफ कहा कि जो नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में जुड़ना चाहते हैं, उनका सरकार लाल कालीन बिछाकर स्वागत कर रही है. लेकिन जो हथियार नहीं छोड़ेंगे, उनके खिलाफ आर्म्ड फोर्सेज सख्त कार्रवाई करेंगी.

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल उन्मूलन के अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. “एक मिनट के लिए भी किसी को विश्राम का समय नहीं है. जवानों की भुजाओं की ताकत पर ही निर्णय हो रहा है. नक्सलियों के खिलाफ फिर ऑपरेशन लॉन्च होंगे.”
विजय शर्मा ने बीजापुर और सुकमा में आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मुलाकात कर उनके पुनर्वास और रोजगार से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य है कि भटके कदमों को फिर से समाज की मुख्यधारा में अवसर मिले.
जगदलपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार बातचीत और अवसर के दरवाजे तो खोल रही है, लेकिन हिंसा की राह पर चलने वालों के लिए सुरक्षा बल तैयार हैं.





