मनोरंजन डेस्क | मध्य प्रदेश | 27 अक्टूबर 2025
छोटे पर्दे पर एक बार फिर नए रिश्तों की अनोखी दास्तान लेकर सन नियो ने अपने अपकमिंग शो ‘सत्या साची’ का नया प्रोमो लॉन्च कर दिया है। शो की कहानी दो प्रेरणादायक बहनों सत्या और साची के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिनकी मजबूती, प्रेम और संघर्ष कहानी का मूल है।

पहले दो प्रोमो के बाद, जो दर्शकों को बहनों की ताकत और अलग-अलग व्यक्तित्व से रूबरू कराते हैं, अब नया प्रोमो शो में दो मुख्य पुरुष किरदारों की एंट्री कराता है। भरत नारंग शो में विक्रांत और आकाश खंडेलवाल शौर्य की भूमिका निभा रहे हैं। इनके आने से कहानी में भावनाओं और रिश्तों का ताना-बाना और गहराता दिखाई देगा।
प्रोमो में दिखाया गया है कि शौर्य एक बेफिक्र युवा है जिसकी आदतें अक्सर उसे मुसीबत में डाल देती हैं, जबकि विक्रांत के विचार पितृसत्तात्मक सोच में जकड़े हुए हैं। एक तरफ जीवन को लेकर खुलापन, तो दूसरी ओर महिला को सिर्फ घर-परिवार तक सीमित देखने की मानसिकता। यही सोच दोनों के बीच खाई को और चौड़ी करती है।
वीडियो के अंत में दिखाया गया है कि शौर्य की शादी के दौरान अचानक हालात करवट लेते हैं और उसकी शादी साची से हो जाती है। सुंदरी नाम की किरदार, जो शौर्य की माँ है, इस रिश्ते को लेकर बेहद असहज नजर आती हैं।
अब सवाल यह है कि इस अनचाहे रिश्ते की नई शुरुआत में क्या दोनों बहनें एक-दूसरे का संबल बन पाती हैं?
आकाश खंडेलवाल ने कहा,
“शौर्य का किरदार बहुत लेयर्ड और चैलेंजिंग है। दर्शक इस सफर से जरूर जुड़ाव महसूस करेंगे।”
वहीं भरत नारंग का कहना है,
“विक्रांत की भूमिका निभाना मेरे लिए नया अनुभव रहा। शो में कई सरप्राइज हैं जिन्हें दर्शक खूब सराहेंगे।”
‘सत्या साची’ सिर्फ दो बहनों की कहानी नहीं, बल्कि प्यार, त्याग और रोजमर्रा संघर्षों की भावनाओं को अपनी सच्चाई के साथ सामने लाता है। प्रोमो ने ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है और उम्मीद है कि यह शो TRP की दौड़ में भी आगे रहेगा।
10 नवंबर 2025 से, हर रात 8 बजे
सिर्फ सन नियो पर





