प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 27 अक्टूबर 2025
टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में सूर्य उपासना के महापर्व छठ की भव्यता रविवार को चरम पर रही। सजे-धजे घाटों और आकर्षक व्यवस्थाओं के बीच हजारों श्रद्धालु व्रतियों ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। बीते 40 वर्षों से इस तालाब में छठ पर्व का आयोजन निरंतर होता आ रहा है, और आज भी कई परिवार अपनी तीसरी पीढ़ी के साथ यहां पहुंचकर परंपरा को जीवित रख रहे हैं।
नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि जब शहर में केवल आमा तालाब और व्यास तालाब में ही छठ पूजा होती थी, तब से यहां की परंपरा प्रचलित है। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस तैनाती सहित सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। घाट पर स्वागत द्वार, टेंट, भंडारे और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
समिति ने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कल 28 अक्टूबर की प्रातःकालीन बेला में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।





