प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 30 अक्टूबर 2025
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने आज नगर पालिका कुम्हारी में 16 करोड़ 30 लाख 51 हजार रुपए की लागत से बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय भवन के बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विजय बघेल ने की।
कुम्हारी में हुए जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया उनमें —
- वार्ड 15 में 30 लाख की लागत से अटल परिसर निर्माण कार्य,
- 5.32 करोड़ रुपए से जंजगिरी तालाब का सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य,
- 16.92 लाख रुपए से आकांक्षीय शौचालय निर्माण,
- 3.01 करोड़ रुपए से सीसी रोड और बीटी रोड निर्माण,
- 1.67 करोड़ रुपए से आरसीसी नाली निर्माण,
- 1.16 करोड़ रुपए से पेवर ब्लॉक, चबूतरा, शेड और सामुदायिक भवन निर्माण,
- तथा 4.65 करोड़ रुपए से स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “आज कुम्हारी के विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। 11 करोड़ 64 लाख के कार्यों का लोकार्पण और 4.65 करोड़ के महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन हमारे विकास संकल्प का प्रतीक है।”

उन्होंने भूमिपूजन के महत्व पर बोलते हुए कहा — “यह धरती माता से क्षमा याचना का प्रतीक है। निर्माण कार्यों के दौरान जीव-जंतुओं की आत्मा की शांति के लिए और वास्तु अनुरूप निर्माण की कामना हेतु यह प्रक्रिया की जाती है।”
साव ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार के प्रयास कर रही है, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर बने। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय भवन शीघ्र बनकर तैयार होगा और विद्यार्थी नए भवन में अध्ययन का अवसर पाएंगे।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि “कुम्हारी में विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नया महाविद्यालय भवन जल्द ही विद्यार्थियों के सपनों को साकार करेगा।”
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य सुनीता सोनवती ने स्वागत भाषण दिया और बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग रखी, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने तुरंत घोषणा की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा, विधायक प्रतिनिधि संजय बघेल, सुरेंद्र कौशिक, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





