प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 31 अक्टूबर 2025
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चारामा विकासखण्ड के ग्राम कुर्रूटोला में 57 लाख 96 हजार रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि यह स्वास्थ्य केंद्र अब शहीद गणेश कुंजाम के नाम से जाना जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि बस्तर की संस्कृति अत्यंत समृद्ध है और यहां आकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि कभी बस्तर में मलेरिया से मौतें आम बात थीं, लेकिन अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के कारण इस वर्ष एक भी मृत्यु दर्ज नहीं हुई है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 57 नई मोबाइल मेडिकल यूनिट्स शुरू की जा रही हैं, जिससे दूरस्थ अंचलों के लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। कांकेर जिला भी इसका लाभ प्राप्त करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बस्तर के दुर्गम इलाकों में, जहां एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती, वहां बाइक एम्बुलेंस सेवा को फिर से प्रारंभ किया जाएगा।
इस मौके पर मंत्री जायसवाल ने शहीद गणेश कुंजाम के माता-पिता को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और स्वास्थ्य केंद्र को उनके नाम समर्पित किया। साथ ही उन्होंने डॉक्टर और नर्सों के आवास हेतु 84 लाख रुपये की लागत से जी-टाइप क्वार्टर तथा परिसर में बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 21 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ. पी. शंखवार ने बताया कि केंद्र में चिकित्सा अधिकारी, आर.एम.ए., स्टाफ नर्स और लैब तकनीशियन की पदस्थापना की जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि चारामा ब्लॉक के 98 प्रतिशत ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं।
मंत्री जायसवाल ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए प्रयोगशाला, आपातकालीन वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रसव कक्ष और नेत्र परीक्षण कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना की और संतोष व्यक्त किया।





