प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 01 नवंबर 2025

छत्तीसगढ़ के 25वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति के प्रति समर्पित यह राज्य आज प्रगति के नए मानदंड स्थापित कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ के वे क्षेत्र, जो कभी नक्सलवाद से प्रभावित थे, अब विकास की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग अपनी लगन और उद्यमशीलता से ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेकानेक शुभकामनाएँ। प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए मानदंड गढ़ने में जुटा है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे यहां के कई इलाके आज विकास की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यहां के मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन और उद्यम से हमारा यह राज्य विकसित भारत के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”





