दुर्ग, 03 नवंबर 2025

। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर दुर्ग जिले के गंज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ बहुत ही सुघ्घर, बढ़िया और सुव्यवस्थित राज्य है।” उन्होंने संविधान सभा सदस्य दाऊ घनश्याम गुप्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्ग की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और गौरवशाली परंपरा ने प्रदेश को नई पहचान दी है।
राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति, लोककला और परंपरागत उत्सव की झलक देखने को मिली। कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत, देशभक्ति गीत और फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पूरा परिसर तालियों की गूंज और उत्साह से भर उठा।
मंत्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ करते हुए लोकतंत्र के गौरव — नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया है।
मंत्री यादव ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ को बीमार और गरीब राज्य कहा जाता था, लेकिन सतत प्रयासों से यह अब विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने डॉ. रमन सिंह द्वारा लागू खाद्यान्न सुरक्षा अधिनियम को देश के लिए मॉडल बताया और कहा कि आज डीबीटी प्रणाली से धान खरीदी, आवास और अन्य योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुँच रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सुशासन को सशक्त करने के लिए सुशासन और अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। यह देश का पहला राज्य है जहाँ 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह ₹1000 की सहायता डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है।
मंच पर छत्तीसगढ़ की महान विभूतियों को सम्मानित किया गया — पद्मश्री जे.एम. नेल्सन, सबा अंजुम, राधेश्याम बारले, उषा बारले और तीजन बाई के परिजनों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
राज्योत्सव की शाम छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सरोबार रही। पूरा परिसर तालियों और जयघोषों से गूंज उठा। आयोजन में छत्तीसगढ़ी आत्मीयता और उल्लास का अद्भुत वातावरण रहा।
कार्यक्रम में तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, महापौर अलका बाघमार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर-एसएसपी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।





