कवर्धा, 3 नवम्बर 2025।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार आईसीसी महिला वर्ल्ड कप अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है, वहीं छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लिए भी यह खास खुशी का पल रहा।

कवर्धा की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में जुड़ी रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समर्पण ने टीम को इस स्वर्णिम सफलता तक पहुँचाने में बड़ा योगदान दिया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आकांक्षा सत्यवंशी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि –
“आकांक्षा ने अपने परिश्रम और प्रतिभा से न केवल कवर्धा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी यह प्रेरणादायक उपलब्धि हमारी बेटियों के लिए एक मिसाल है।”
गौरतलब है कि आकांक्षा इससे पहले छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के साथ भी कार्य कर चुकी हैं। खेल के प्रति उनकी लगन और पेशेवर उत्कृष्टता ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
छत्तीसगढ़ की यह होनहार बेटी आज पूरे देश के गौरव का कारण बनी हुई है।





