00खेल और सामाजिक एकता का संगम – समग्र ब्राम्हण समाज संग परशु सेना का आयोजन00

बिलासपुर, 4 नवम्बर 2025
खेल भावना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समग्र ब्राम्हण समाज संग परशु सेना द्वारा बिलासपुर में पहली बार “ब्राम्हण प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट” का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट से पहले इसकी टीम और जर्सी लांचिंग का ऐतिहासिक कार्यक्रम आज शाम 6 बजे खेल परिसर मैदान, सरकंडा थाना के सामने आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्राम्हण समाज की कई प्रतिष्ठित विभूतियाँ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इनमें पंडित पंकज भूषण मिश्रा (भगवत एवं ज्योतिषाचार्य), परम पूज्य दुर्गेश जी महाराज (राष्ट्रीय धर्माचार्य), पद्म श्री पंडित अनुज शर्मा (विधायक धरसींवा) और पंडित प्रदीप शर्मा (पूर्व मुख्य सलाहकार, मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन) प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देगा बल्कि समाज में एकता और सहयोग की भावना को भी सुदृढ़ करेगा। कार्यक्रम के पश्चात सामाजिक मिलन एवं भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था रखी गई है।
समग्र ब्राम्हण समाज संग परशु सेना ने समाज के सभी विप्रबंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।





