प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 04 नवंबर 2025 — छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को अपने एक दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। करंदोला, गुमगा और नगरी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने कुल 7 करोड़ 82 लाख रुपए से अधिक लागत के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मंत्री कश्यप ने कहा कि “यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की नींव है।”
ग्राम पंचायत करंदोला में 3.50 किमी लंबी पुल-पुलिया सहित सड़क का भूमिपूजन किया गया, जो करंदोला चैरा स्कूल से कुम्हली तक बनाई जाएगी। इसके साथ ही 21.59 लाख रुपए की लागत से उच्च प्राथमिक शाला करंदोला के नए भवन और 24.70 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन भवन का लोकार्पण भी किया गया।
ग्राम पंचायत गुमगा में कुंगारपाल से गुमगा मार्ग पर 2.50 किमी पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। साथ ही 9.60 लाख रुपए की लागत से नयापारा चौक से जुलाल घर तक 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण और 12.40 लाख रुपए की लागत से उचित मूल्य दुकान भवन निर्माण की घोषणा की गई।
नगरी में 54 लाख रुपए के दो महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की गई। इनमें 20 लाख रुपए की लागत से पंचायत भवन सह कॉमन सर्विस सेंटर और ग्राम पंचायत गोलावंड में 34 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण स्वीकृत किया गया।
मंत्री कश्यप ने कहा कि “ग्राम पंचायत नगरी में बनने वाला कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीणों के लिए डिजिटल सेवाओं का हब बनेगा, जबकि गोलावंड का उप स्वास्थ्य केंद्र लोगों को घर के पास ही इलाज की सुविधा देगा।”
अपने उद्बोधन में केदार कश्यप ने कहा कि जिन सड़कों का आज भूमिपूजन हुआ है, वे सिर्फ गिट्टी और डामर का काम नहीं हैं, बल्कि ये सड़कों से जुड़ी उम्मीदों की डोर हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि सरकार की हर सुविधा अंतिम छोर तक पहुँचे। शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन – यही विकसित छत्तीसगढ़ की पहचान बने।”
मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “वनवासी बंधुओं, किसानों और युवाओं के जीवन स्तर को ऊँचा उठाना हमारी प्राथमिकता है, और विकास का यह कारवां नहीं रुकेगा।”
कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दिवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





